IRS अधिकारी कपिल राज ने दिया इस्तीफा, दो मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी में निभाई थी अहम भूमिका

दिल्ली। भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के वरिष्ठ अधिकारी कपिल राज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उनका इस्तीफा राष्ट्रपति द्वारा 17 जुलाई से स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने इस्तीफे का कारण व्यक्तिगत बताया है। कपिल राज 2009 बैच के अधिकारी थे और लगभग 16 वर्षों तक सेवा में रहे।

कपिल राज प्रवर्तन निदेशालय (ED) में अपनी सेवाकाल के दौरान दो बड़े मामलों में चर्चा में आए। उन्होंने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने लगभग आठ वर्षों तक ईडी में काम किया और हाल ही में दिल्ली में जीएसटी खुफिया शाखा में अतिरिक्त आयुक्त के पद पर तैनात थे।

जनवरी 2024 में उन्होंने रांची में एक कथित जमीन घोटाले में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी का नेतृत्व किया था। उस समय सोरेन ने राज्यपाल से मुलाकात कर पद से इस्तीफा दिया था और तुरंत बाद राज की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।

मार्च 2024 में कपिल राज ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के दौरान भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ईडी द्वारा मुख्यमंत्री के सरकारी आवास की तलाशी के बाद, उन्होंने गिरफ्तारी ज्ञापन तैयार किया और आप प्रमुख को सौंपा। अब उनका अचानक इस्तीफा देना चर्चा का विषय बन गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button