ईरान भारत के साथ, पाकिस्तान के खिलाफ! पहलगाम हमले पर कड़ा रुख, विदेश मंत्री करेंगे भारत दौरा

नई दिल्ली, 2 मई 2025

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। इस बीच मुस्लिम देश ईरान ने भारत का खुला समर्थन करते हुए आतंकवाद की सख्त निंदा की है। जानकारी के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची आगामी सप्ताह भारत दौरे पर आ रहे हैं, जहां वे भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे।

अराघची 8 मई को भारत पहुंच सकते हैं। हालांकि, आधिकारिक तारीख का ऐलान अभी नहीं हुआ है। दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास ने पुष्टि की है कि इस दौरे के दौरान द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ पहलगाम आतंकी हमले पर भी विस्तृत चर्चा होगी।

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों को निशाना बनाया गया था, जिनमें दो विदेशी नागरिकों की भी जान गई। इस हमले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा की गई। हमले के तीन दिन बाद, 25 अप्रैल को अराघची ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर भारत-पाकिस्तान को ईरान के “भाईचारे वाले पड़ोसी” बताया और कहा कि तेहरान दोनों देशों के बीच बेहतर समझ बनाने को तैयार है।

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने भी इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की। उन्होंने इसे “अमानवीय कृत्य” बताया और आतंकवाद के खिलाफ क्षेत्रीय सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

राष्ट्रपति पेजेशकियान ने पीएम मोदी को तेहरान आने का निमंत्रण भी दिया और बातचीत के दौरान महात्मा गांधी और नेहरू के विचारों को शांति व दोस्ती का प्रतीक बताया।

भारत इस समय पाकिस्तान के खिलाफ वैश्विक समर्थन जुटाने की कोशिश में है और ईरान का यह रुख कूटनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button