छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे में बढ़ेगी कड़ाके की ठंड, तापमान 3 डिग्री तक गिरने का अनुमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में वर्तमान में कोई सक्रिय मौसमी प्रणाली नहीं है, जिससे रात का तापमान लगातार गिर रहा है और प्रदेश के उत्तर व मध्य हिस्सों में ठंड और तेज महसूस हो रही है। गुरुवार को मौसम पूरी तरह शुष्क रहा, सुबह और देर शाम ठंड का असर और गहरा महसूस हुआ।
प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री, सामान्य से 0.6 डिग्री कम, और न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री, सामान्य से 1.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सुबह की नमी 62–79 प्रतिशत रही, जो शाम तक घटकर 38–59 प्रतिशत पर आ गई। दिनभर की खुश्क हवाओं ने वातावरण को और अधिक शुष्क बना दिया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1–3 डिग्री की गिरावट हो सकती है। इससे राज्य में कड़ाके की ठंड का असर बढ़ने और रात के तापमान में गिरावट का अनुमान है। शीतलहर के चलते आम लोगों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए सावधानी आवश्यक है।
रायपुर नगर निगम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी है। महापौर मीनल चौबे और आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन कमिश्नरों द्वारा रोजाना अलाव उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रमुख स्थानों में महादेवघाट, महोबा बाजार, चंगोराभाठा, जयस्तंभ चौक, कलेक्टर ऑफिस, मोतीबाग, तेलीबांधा मरीन ड्राइव, भाठागांव बस स्टैंड समेत दो दर्जन से अधिक स्थल शामिल हैं।
नगर निगम और मौसम विभाग ने नागरिकों से सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, अलाव के आसपास सुरक्षित रहने और रात में अत्यधिक बाहर न रहने की सलाह दी है। आगामी दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में ठंड का प्रभाव और बढ़ने की संभावना है, इसलिए लोग सावधानी बरतें।





