बारिश से पहले नालों की सफाई और बाढ़ से निपटने के निर्देश

रायपुर:नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बारिश शुरू होने से पहले सभी शहरों में नालों और नालियों की सफाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिन इलाकों में बाढ़ आने की संभावना है, वहां जरूरी इंतजाम करने को भी कहा गया है।

विभाग ने सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत को परिपत्र जारी कर कहा है कि नालों और नालियों पर बने कच्चे-पक्के अतिक्रमण और अवरोध तुरंत हटाए जाएं। साथ ही, पेड़ों में लगे बोर्ड्स, विज्ञापन, बिजली के तार और हाईटेंशन लाइनें भी हटाने को कहा गया है ताकि कोई खतरा न हो।

परिपत्र में बताया गया कि बारिश के समय अक्सर नालों की सफाई ठीक से न होने और बहाव में रुकावट के कारण बाढ़ की स्थिति बन जाती है। इसलिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं।

नगरों के मुख्य रास्तों, गलियों और चौराहों की भी साफ-सफाई कराई जाएगी। नालों में जमा कचरा गहराई से साफ किया जाए और ध्यान रखा जाए कि इससे नदियों या अन्य जल स्रोतों में गंदगी न फैले।

जहां नाले-नालियां बन रहे हैं, वहां निर्माण सामग्री हटा दी जाए ताकि पानी का बहाव न रुके।

सभी नगरीय निकायों को बाढ़ नियंत्रण कक्ष बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें 24 घंटे काम करने वाली टीम, जरूरी उपकरण और नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी। इन नियंत्रण कक्षों के फोन नंबरों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

निचले इलाकों और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां के लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही, वहां साफ पेयजल की सुविधा और बीमारियों से बचाव की तैयारी रखने को कहा गया है।

विभाग ने सभी नगर निकायों से कहा है कि बारिश के दौरान नागरिक सुविधाएं सुचारु रूप से चलती रहें और किसी भी बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई