प्रेम प्रसंग के शक में विधवा से अमानवीय व्यवहार, गांव में अर्धनग्न घुमाकर की पिटाई

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक विधवा महिला के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेम प्रसंग के चलते महिला को साड़ी उतारकर अर्धनग्न अवस्था में गांव में घुमाया गया, जूते-चप्पल से पीटा गया और उसके चेहरे पर गोबर पोता गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
यह मामला खोडरी चौकी क्षेत्र के ग्राम रानीझाप का है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला का एक शादीशुदा युवक से प्रेम संबंध था। दोनों कुछ समय पहले घर से भाग गए थे और मध्य प्रदेश में रह रहे थे। बाद में गांव लौटने पर विवाद की स्थिति बन गई।
बताया गया है कि महिला और युवक जब गांव वापस आए तो युवक की पत्नी और परिजनों ने विरोध किया। थाने में समझौते के बाद सभी लोग गांव लौटे, लेकिन अगले दिन सुबह आरोपी एकत्र हुए और महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे निर्वस्त्र कर पूरे गांव में घुमाया गया और अपमानित किया गया।
आरोपियों ने महिला को पीटते हुए गांव के मुख्य मार्ग से काली मंदिर तक ले गए। इस दौरान उसे लगातार अपशब्द कहे गए और प्रताड़ित किया गया। कुछ ग्रामीणों ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों और महिला के परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसे बचाया। उन्होंने महिला को कपड़े पहनाए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को अपने साथ ले जाकर इलाज कराया।
पुलिस ने इस मामले में युवक की पत्नी, भाई और बहन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें जमानत पर छोड़ा गया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। इस तरह की घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





