इंडिगो की सेहत में सुधार, उड़ानों में बढ़ोतरी से शेयरों में उछाल की उम्मीद

देश की सबसे बड़ी लो-कॉस्ट एयरलाइन इंडिगो परिचालन संकट से उभरती दिखाई दे रही है। कंपनी ने दावा किया है कि रविवार को उसने करीब 1,650 उड़ानें संचालित कीं और सिस्टम में लगातार सुधार किया जा रहा है। पिछले सप्ताह भारी संख्या में उड़ानें रद्द और विलंबित होने के बाद यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी थी, लेकिन अब एयरलाइन का प्रदर्शन बेहतर होता दिख रहा है। कंपनी के इस दावे के बाद सोमवार को इसके शेयरों में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है। पिछले सप्ताह इंडिगो के शेयरों में 9 फीसदी की गिरावट आई थी।
रविवार को 1,650 उड़ानें संचालित करने का दावा
इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक वीडियो संदेश में कहा कि रविवार को कंपनी ने लगभग 1,650 उड़ानें ऑपरेट कीं। इससे पहले शनिवार को केवल 1,500 और शुक्रवार को 700 से कुछ अधिक उड़ानें ही संचालित हो सकी थीं। एल्बर्स ने बताया कि स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और परिचालन क्षमता बढ़ाई जा रही है।
75 प्रतिशत ओटीपी रहने की उम्मीद
एल्बर्स के अनुसार एयरलाइन का रविवार का ऑन-टाइम परफॉर्मेंस (ओटीपी) 75 प्रतिशत तक पहुंचने की उम्मीद थी। उन्होंने कहा कि सिस्टम को और मजबूत किया गया है और अब स्टाफ उड़ानों को पहले चरण में ही कैंसिल कर रहा है, ताकि यात्रियों को एयरपोर्ट पर अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। एयरलाइन के 138 में से 137 गंतव्यों पर परिचालन बहाल हो चुका है।
शेयरों में आ सकती है तेजी
कंपनी की ओर से परिचालन सुधार के दावों का असर शेयर बाजार में दिखाई दे सकता है। शुक्रवार को इंडिगो का शेयर 1.22 प्रतिशत गिरावट के साथ 5,371.30 रुपए पर बंद हुआ था। पिछले सप्ताह शेयर में कुल 531.4 रुपए की गिरावट दर्ज की गई थी। मार्केट विशेषज्ञों का मानना है कि संचालन में सुधार के संकेत मिलने से सोमवार को शेयरों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
610 करोड़ का रिफंड जारी
कैंसिल या बेहद विलंबित उड़ानों के कारण यात्रियों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए इंडिगो अब तक 610 करोड़ रुपए का रिफंड प्रोसेस कर चुका है। एयरलाइन ने बताया कि शनिवार तक 3,000 से अधिक छूटे हुए सामान यात्रियों तक पहुंचा दिए गए हैं। सरकार के निर्देशों के मुताबिक रद्द उड़ानों का रिफंड रविवार शाम तक पूरा करने और छूटे सामान को 48 घंटे के भीतर यात्रियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।
किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं
नागर विमानन मंत्रालय ने पुष्टि की है कि रद्द उड़ानों के यात्रियों से पुनर्निर्धारण के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि तेज और प्रभावी कदमों के बाद देशभर का विमानन नेटवर्क तेजी से सामान्य स्थिति में आ रहा है। अन्य सभी घरेलू एयरलाइंस पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और इंडिगो का प्रदर्शन भी स्थिरता की ओर बढ़ रहा है।
इंडिगो के परिचालन में तेजी आने और शेयर बाजार में संभावित उछाल के साथ यह संकेत मिलता है कि कंपनी हालिया संकट से उबरने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रही है।





