नागपुर में इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, 272 यात्री सुरक्षित

नागपुर से कोलकाता जा रहे इंडिगो के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उड़ान के दौरान विमान एक पक्षी से टकरा गया, जिससे उसका अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के बाद पायलट ने तुरंत नागपुर हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराने का निर्णय लिया। विमान में 272 यात्री सवार थे और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

घटना के समय विमान अचानक लड़खड़ाने लगा, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया और दहशत फैल गई। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों से शांत रहने की अपील की गई और विमान को सुरक्षित उतार लिया गया।

एविएशन इंडस्ट्री में बर्ड हिट यानी पक्षियों के टकराने को गंभीर खतरे के रूप में देखा जाता है। खासकर टेक-ऑफ और लैंडिंग के समय यह विमान संचालन के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है। कई बार इंजन में पक्षी फंसने से तकनीकी खराबी तक आ जाती है।

गौरतलब है कि इससे पहले 2 जून को भी ऐसा ही मामला सामने आया था, जब रांची जा रहे इंडिगो के विमान को बर्ड हिट के बाद आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी थी। उस दौरान विमान में 175 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित बच गए थे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button