रायपुर टी-20 में भारत की शानदार जीत, सूर्यकुमार और ईशान की दमदार पारी से न्यूजीलैंड पर 7 विकेट से जीत

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टी-20 मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने 209 रन के लक्ष्य को 15.2 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया और पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 37 गेंदों पर नाबाद 82 रन की शानदार पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 32 गेंदों पर 76 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच 122 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसने टीम की जीत की नींव रखी।
मैच के बाद स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। फैंस ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को पैसा वसूल बताया और खिलाड़ियों की जमकर सराहना की। ओडिशा समेत आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैच देखने पहुंचे थे।
मैच के दौरान और बाद में रायपुर के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। अटल एक्सप्रेस हाईवे, तेलीबांधा चौक और वीआईपी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्टेडियम में दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए पहली पारी के बाद प्रवेश बंद कर दिया गया था। सीटें पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दी गईं, जिससे कई दर्शक अंदर प्रवेश नहीं कर सके और निराश लौटे।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन ने इस मैच के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं। बाहर से आने वाले दर्शकों के लिए ट्रैफिक रूट तय किए गए थे और भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया था।
मैच के दौरान बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कई बच्चे तिरंगा लगवाकर और टीम इंडिया के समर्थन में नारे लगाते नजर आए। भारत की इस जीत से शहर में जश्न का माहौल बना रहा।





