नई मुसीबत में फंसे भारतीय, ऑपरेशन सिंदूर के बाद अजरबैजान में रुकी फ्लाइट

बाकू (अजरबैजान), 8 मई 2025 — भारत द्वारा किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद वैश्विक स्तर पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां एक ओर दुनिया के कई देशों ने आतंकवाद के खिलाफ इस कड़ी कार्रवाई का समर्थन किया है, वहीं कुछ राष्ट्रों ने पाकिस्तान का पक्ष लिया है। उन्हीं में से एक है अजरबैजान, जहां वर्तमान में भारत के लगभग 250 नागरिक फंसे हुए हैं।

दरअसल, पाकिस्तान की सीमा के पास से गुजरते समय एक फ्लाइट को मुंबई जाने से रोक दिया गया और उसे वापस अजरबैजान की राजधानी बाकू भेज दिया गया। यह फ्लाइट मंगलवार को मुंबई के लिए रवाना हुई थी लेकिन सुरक्षा कारणों से उसे वापस लौटना पड़ा। अब यह विमान बाकू के हेदर अलीयेव इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर खड़ा है, जहां यात्री दो दिनों से फंसे हुए हैं।

मंगलुरु का एक परिवार छुट्टियां मनाकर लौट रहा था, लेकिन अब एयरपोर्ट पर ही अटका हुआ है। परिवार ने बताया कि फ्लाइट पहले ही दो घंटे की देरी से रवाना हुई थी और करीब साढ़े तीन घंटे उड़ान भरने के बाद पायलट ने अचानक घोषणा की कि विमान अब मुंबई नहीं जाएगा, बल्कि वापस बाकू लौटेगा।

फंसे हुए यात्रियों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, दिल्ली, गुजरात और देश के अन्य हिस्सों से लोग शामिल हैं। यवतमाल से दो नागरिक भी इनमें फंसे हुए हैं। इन सभी को स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई सहायता नहीं मिल रही है और वे बेहद परेशान हैं। अजरबैजान ने भारत के सैन्य अभियान की आलोचना की है और यही कारण बताया जा रहा है कि वह इन यात्रियों की कोई मदद नहीं कर रहा।

स्थिति गंभीर होती जा रही है और भारत सरकार से जल्द हस्तक्षेप की आवश्यकता महसूस की जा रही है ताकि फंसे हुए नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित हो सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button