भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की घर वापसी तय, 15 जुलाई को होगा स्प्लैशडाउन

दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा अब अंतिम चरण में है। वे 15 जुलाई को दोपहर 3 बजे (भारतीय समयानुसार) पृथ्वी पर लौटेंगे। यह जानकारी केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने रविवार को सोशल मीडिया पर दी।

शुभांशु एक्सिओम-4 मिशन के तहत तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर गए थे। उनका 14 दिन का वैज्ञानिक मिशन अब पूरा हो चुका है। डॉ. सिंह के अनुसार, 14 जुलाई को शाम 4:30 बजे स्पेस स्टेशन से अनडॉकिंग प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद 15 जुलाई को प्रशांत महासागर में कैलिफोर्निया तट के पास स्पेसएक्स ड्रैगन कैप्सूल के स्प्लैशडाउन की योजना है। मिशन को नासा और एक्सिओम स्पेस की मंजूरी मिल चुकी है।

शुभांशु शुक्ला ने पायलट की भूमिका निभाई

इस मिशन की कमान अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री पेगी व्हिटसन के पास थी, जबकि शुभांशु शुक्ला ने पायलट की भूमिका निभाई। उनके साथ स्लावोस उजनान्स्की-विस्निव्स्की और टिबोर कापू मिशन स्पेशलिस्ट के रूप में शामिल थे। टीम ने अंतरिक्ष में रहते हुए जैव-चिकित्सकीय अनुसंधान, माइक्रोएल्गी और नैनोमैटेरियल्स पर प्रयोग किए।

शनिवार को अंतिम रूप देगी टीम

शनिवार को टीम ने विज्ञान प्रयोगों को अंतिम रूप दिया, जिसमें मसल स्टिमुलेशन, थर्मल सूट मटेरियल की जांच और बिहेवियरल स्टडी शामिल थी। रविवार को सभी वैज्ञानिक नमूने और उपकरण पैक किए गए, जिन्हें स्पेसएक्स ड्रैगन यान के जरिए पृथ्वी पर लाया जाएगा। यह मिशन भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button