पहलगाम हमले के बाद भारत सख्त, पाक नागरिकों की एंट्री पर रोक

दिल्ली। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। सरकार ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करते हुए उन्हें देश छोड़ने का आदेश दिया और भविष्य में किसी भी पाकिस्तानी नागरिक के भारत में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला पाकिस्तान की ओर से जारी आतंकियों की घुसपैठ और समर्थन को देखते हुए लिया गया है।

हाल ही में कर्नाटक के कारवार पोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक पाकिस्तानी नागरिक को भारत में प्रवेश करने से रोक दिया। यह व्यक्ति इराक से आए एक कार्गो जहाज में स्टाफ के रूप में कार्यरत था। जहाज अल जुबैर बंदरगाह से चला था और उसमें 15 भारतीय, दो सीरियाई और एक पाकिस्तानी स्टाफ सदस्य था। सुरक्षा एजेंसियों ने जहाज से माल उतारने की अनुमति तो दी, लेकिन विदेशी नागरिकों को जहाज से उतरने की इजाजत नहीं दी गई। विशेष रूप से पाकिस्तानी नागरिक को दो दिनों तक जहाज में ही रोके रखा गया और उसे पोर्ट पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

यह कदम भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है। पहलगाम हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया था। इस जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान हताश हो गया और ड्रोनों से हमला करने की नाकाम कोशिश की, जिसे भारतीय डिफेंस सिस्टम ने विफल कर दिया। भारत की इस कड़ी कार्रवाई से स्पष्ट है कि अब आतंक और आतंकी समर्थकों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button