भारत सस्टेनेबल डेवलपमेंट में टॉप 100 में शामिल, पड़ोसी देश पीछे छूटे

नई दिल्ली:भारत के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि की घड़ी है। संयुक्त राष्ट्र सस्टेनेबल डेवलपमेंट सॉल्यूशन नेटवर्क्स (UNSDSN) द्वारा जारी 10वीं सस्टेनेबल डेवलपमेंट रिपोर्ट (SDR) में भारत पहली बार टॉप 100 देशों की सूची में शामिल हो गया है। रिपोर्ट में भारत को 99वें स्थान पर रखा गया है, जो इसकी सस्टेनेबल ग्रोथ में हो रही प्रगति का प्रतीक है।
2025 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत को 67 स्कोर मिले हैं। इसकी तुलना में चीन को 74.4 अंकों के साथ 49वां और अमेरिका को 75.2 अंकों के साथ 44वां स्थान मिला है। भारत ने पिछले कुछ वर्षों में लगातार सुधार किया है। 2024 में भारत 109वें, 2023 में 112वें, 2022 में 121वें स्थान पर था। यह लगातार सुधार बताता है कि भारत सस्टेनेबल विकास के लक्ष्य (SDG) की दिशा में ठोस कदम उठा रहा है।
पड़ोसी देशों की बात करें तो भूटान 74वें, नेपाल 85वें, बांग्लादेश 114वें और पाकिस्तान 140वें स्थान पर हैं। मालदीव को 53वां और श्रीलंका को 93वां स्थान मिला है।
रिपोर्ट में बताया गया कि 2015 में संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्य देशों ने 2030 तक 17 SDG लक्ष्यों को प्राप्त करने का संकल्प लिया था। लेकिन रिपोर्ट के अनुसार, केवल 17 प्रतिशत लक्ष्य ही 2030 तक पूरे होने की संभावना है। इस रिपोर्ट को प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री जेफरी सैक्स के नेतृत्व में तैयार किया गया है।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि यूरोप के नॉर्डिक देश इस सूचकांक में शीर्ष पर हैं। फिनलैंड पहले, स्वीडन दूसरे और डेनमार्क तीसरे स्थान पर है। हालांकि, इन देशों को जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता जैसे क्षेत्रों में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
भारत की यह रैंकिंग बताती है कि वह सतत विकास की दिशा में विश्व समुदाय के साथ मजबूती से कदम मिला रहा है।





