भारत और मॉरीशस के रिश्ते होंगे और मजबूत, विकास में निभाएंगे बड़ी भूमिका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मॉरीशस दौरे के दूसरे दिन यह स्पष्ट कर दिया कि भारत और मॉरीशस का संबंध केवल हिंद महासागर से नहीं, बल्कि उनकी सांस्कृतिक परंपराओं और साझे मूल्यों से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत मॉरीशस के विकास योजनाओं में बड़ी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
भारत-मॉरीशस: साझेदार नहीं, हमदर्द
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन चंद्र रामगुलाम के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि दोनों देश सिर्फ साझेदार नहीं हैं, बल्कि एक-दूसरे के हमदर्द हैं। चाहे प्राकृतिक आपदाएं हों या कोविड जैसी विपदा, दोनों देशों ने हमेशा एक-दूसरे का साथ दिया है।
पीएम मोदी ने बताया कि पिछले 10 सालों में भारत और मॉरीशस के संबंधों में नए आयाम जुड़े हैं। चाहे वह रक्षा हो, शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो या अंतरिक्ष का क्षेत्र हो, दोनों देश हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं।
फ्री, ओपन, सेक्योर और सेफ इंडियन ओसियन प्राथमिकता
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रक्षा सहयोग और समुद्री सुरक्षा (मैरीटाइम सिक्योरिटी) दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी का अहम हिस्सा है। फ्री, ओपन, सेक्योर और सेफ इंडियन ओसियन हमारी साझी प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत मॉरीशस के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन (EEZ) की सुरक्षा में पूरा सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके अलावा, ग्लोबल साउथ, हिंद महासागर और अफ्रीकी क्षेत्रों में भी मॉरीशस का योगदान महत्वपूर्ण है।
विजन SAGAR और विकास का संकल्प
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि 10 साल पहले विजन SAGAR (Security and Growth for All in the Region) की नींव मॉरीशस में रखी गई थी। यह विजन पूरे क्षेत्र की स्थिरता और समृद्धि को लेकर काम कर रहा है।
भारत देगा ट्रेनिंग, मॉरीशस में बनेगी नई संसद बिल्डिंग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मॉरीशस आर्थिक और सामाजिक प्रगति की राह पर एक-दूसरे के साथ खड़े हैं। आने वाले 5 सालों में भारत मॉरीशस के 500 सिविल सर्वेंट्स को ट्रेनिंग देगा।
इसके अलावा, दोनों देशों के बीच लोकल करेंसी में व्यापार को सेटल करने पर भी सहमति बनी है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भारत मॉरीशस में नई संसद बिल्डिंग बनाने में भी मदद करेगा। इसे प्रधानमंत्री मोदी ने “मदर ऑफ डेमोक्रेसी” की ओर से मॉरीशस को एक खास भेंट बताया।
भारत और मॉरीशस की बढ़ती नजदीकियां
यह दौरा दिखाता है कि भारत और मॉरीशस के बीच संबंधों को और मजबूत करने का इरादा दोनों देशों ने जाहिर कर दिया है। दोनों देश आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को छूने की कोशिश करेंगे और अपनी दोस्ती को और गहरा करेंगे।