लखनऊ में 413 करोड़ की 342 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास, सीएम योगी बोले- जहां कूड़ा फेंका जाता था, वहां बनाया ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’

योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ‘स्वच्छ-सुंदर-समर्थ लखनऊ’ अभियान के तहत 413 करोड़ रुपये की 342 लोक कल्याणकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कर रही है।
लखनऊ के जुपिटर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अभियान से जुड़ी पुस्तिका भी जारी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी शहरी निकायों का तीन साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है, जिसमें 17 नगर निगम, करीब 200 नगर पालिका परिषद और लगभग 500 नगर पंचायतें शामिल हैं।
सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ में जिस स्थान पर तीन दशक तक कूड़ा डाला जाता था, वहां अब ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ बनाया गया है। उन्होंने बताया कि यहां बड़े आयोजन, रैलियां और कार्यक्रम हो सकते हैं। साथ ही यहां एक भव्य मंच, म्यूजियम और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा भी स्थापित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने “एक देश, एक संविधान और एक झंडा” के लक्ष्य को हासिल किया है।
कार्यक्रम में सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले गरीबों को मकान नहीं मिलते थे, लेकिन अब शहरी क्षेत्रों में 17 लाख और ग्रामीण इलाकों में 65 लाख आवास दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जाति, धर्म और क्षेत्र देखे बिना गरीब, किसान, महिला और युवाओं के लिए योजनाएं लागू की हैं।
मुख्यमंत्री ने दीनदयाल उपाध्याय का जिक्र करते हुए कहा कि देश की असली प्रगति समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास से मापी जानी चाहिए।





