कोटद्वार विवाद में जिम ट्रेनर मोहम्मद दीपक बोले- झगड़ा दूसरी ओर से शुरू हुआ, फिर मुझ पर क्यों केस?

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार में दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद पर जिम ट्रेनर मोहम्मद दीपक ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पूरी घटना की शुरुआत दूसरी तरफ से हुई थी, इसके बावजूद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया, जो उन्हें समझ में नहीं आ रहा है।

मोहम्मद दीपक ने बताया कि 26 जनवरी को वह अपने दोस्तों के साथ गणतंत्र दिवस मना रहे थे। इसी दौरान वे एक दोस्त की दुकान पर समय बिताने पहुंचे थे। वहां बातचीत और हंसी-मजाक चल रहा था, तभी कुछ लोग पहुंचे और दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द लिखे होने पर आपत्ति जताने लगे।

उन्होंने कहा कि उन लोगों ने दुकानदार से बदतमीजी से बात की और दुकान का नाम बदलने की मांग की। माहौल बिगड़ता देख वह वहां से जाने लगे, लेकिन उन्हें बुजुर्ग दुकानदार से की जा रही बदसलूकी बुरी लगी, जिस पर उन्होंने विरोध किया।

दीपक के अनुसार, सामने वाले पक्ष ने कहा कि ‘बाबा’ शब्द केवल एक धार्मिक स्थल से जुड़ा है और किसी अन्य के लिए इसका इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। जब दुकानदार ने नाम बदलने से इनकार किया तो विवाद ने धार्मिक रंग ले लिया।

उन्होंने बताया कि दुकान एक मुस्लिम व्यक्ति की थी और विवाद हिंदू-मुस्लिम मुद्दे में बदल गया। इसी दौरान उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि उनका नाम मोहम्मद दीपक है और इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

मोहम्मद दीपक ने कहा कि उन्हें अब तक समझ नहीं आ रहा है कि उनके खिलाफ केस क्यों दर्ज किया गया, जबकि विवाद की शुरुआत दूसरी ओर से हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी राजनीतिक पार्टी का समर्थन नहीं करते, बल्कि विचारधारा में विश्वास रखते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि हनुमान जी उन्हें प्रेरणा देते हैं, क्योंकि वे मेहनत और आत्मबल का प्रतीक हैं, जिससे जिम के सदस्य भी प्रेरित होते हैं।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पक्षों से जानकारी जुटा रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button