नोएडा में बदमाशों ने ड्राइवर को बंधक बनाकर चलती गाड़ी से नीचे फेंका, लूट ली कार 

नई दिल्ली/नोएडा: नोएडा में महामाया फ्लाईओवर से परी चौक की तरफ जाने वाले रास्ते पर हथियारबंद तीन बदमाशों ने कार ड्राइवर को बंधक बनाकर कार और नकदी लूट ली. इतना ही नहीं, उन्होंने कार चालक को करीब आठ किलोमीटर दूर वजीराबाद ले जाकर कार से नीचे फेंक दिया. सेक्टर-39 पुलिस ने इस मामले में करीब दो माह बाद तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

शिकायत में फिरोजाबाद के नारखी निवासी नरेंद्र कुमार ने बताया कि 13 जुलाई की रात वह अपने मालिक के बेटे को दिल्ली एयरपोर्ट पर छोड़ने के लिए आए थे. नरेंद्र जब एयरपोर्ट से फिरोजाबाद वापस जा रहे थे, तभी रास्ते में महामाया फ्लाईओवर के पास उसे नींद आने लगी. रात तीन बजे के करीब शिकायतकर्ता ने अपनी कार महामाया बस स्टैंड के पास खड़ी की और अंदर ही सोने लगा. आधे घंटे बाद ही तीन युवक तमंचे के साथ कार के पास पहुंचे और कार का शीशा तोड़ना शुरू कर दिया. इसके बाद उन्होंने हाथ डालकर अंदर से कार का दरवाजा भी खोल लिया.

तीनों बदमाशों ने हथियार के बल पर कार चालक को बंधंक बना लिया और वजीराबाद ले जाकर उससे मारपीट कर कपड़े उतरवा लिए. साथ ही उसके पास से 700 रुपये भी छीन लिए और धमकी दी की पुलिस से शिकायत की तो जान से मार देंगे. फिर वे उसे कार से नीचे फेंककर फरार हो गए. इसके बाद पीड़ित किसी तरह सड़क पर पहुंचा और राहगीर से मोबाइल लेकर पूरी वारदात की जानकारी फिरोजाबाद निवासी अपने मालिक को दी. जिसकी कार थी वह कारोबारी है और नरेंद्र लंबे समय से उसके लिए कार चला रहा है. पुलिस ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा.

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button