ग्रैंड न्यूज़ की खबर का असर: मैकेनिक से मारपीट मामले में आरक्षक लाइन अटैच, आरोपी फरार

ग्रैंड न्यूज़:बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में एक सर्विसिंग सेंटर में काम करने वाले मैकेनिक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि डायल 112 की गाड़ी सर्विसिंग के लिए दी गई थी, लेकिन काम में देरी होने पर आरक्षक के एक दोस्त ने आपा खो दिया और मैकेनिक को बेल्ट से पीट दिया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मारपीट साफ दिखाई दे रही है।
ग्रैंड न्यूज द्वारा इस मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संबंधित आरक्षक रवि श्रीवास को लाइन अटैच कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मारपीट का मुख्य आरोपी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग पीड़ित मैकेनिक को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।





