तमिलनाडु के मदुरै में भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत; 3 गंभीर घायल

मुदैर। तमिलनाडु के मदुरै जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना रविवार को उसिलामपट्टी क्षेत्र के कुंजमपट्टी गांव के पास हुई, जब परिवार के सदस्य सड़क पार कर रहे थे।

मदुरै के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरविंद ने जानकारी दी कि हादसा उस समय हुआ जब परिवार के सात सदस्य सड़क पार करने की कोशिश कर रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।

पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार अत्यधिक तेज रफ्तार में थी और चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों में गुस्सा देखा गया। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की जरूरत को उजागर किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button