आतंकवाद पर कड़ा एक्शन चाहते हिंदू संगठन, पीएम मोदी के बयान का किया समर्थन

महासमुंद। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना के बाद सख्त कार्रवाई के संकेत देते हुए कहा है कि अब आतंकियों और उनके आकाओं की कमर तोड़ी जाएगी और उन्हें उनकी सोच से भी बड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आतंकियों की बची हुई जमीन को भी मिट्टी में मिला दिया जाएगा।
पीएम के इस बयान के बाद हिंदू संगठनों ने उनका समर्थन करते हुए आतंकवाद के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि “मोदी हैं तो मुमकिन है” और जो वो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं। पहले भी देश ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे मजबूत फैसलों को देखा है।
राम सिंह, हिंदू संगठन सदस्य ने कहा कि आतंकवाद की जड़ें सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में फैल चुकी हैं और इसका इलाज अब सख्ती से होना चाहिए। उन्होंने कहा, “जो आतंकी हिंदुओं से धर्म पूछकर गोली मारते हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पाकिस्तान जैसे आतंक समर्थक देश का नामोनिशान मिट जाना चाहिए।”
सौरभ दुबे, दूसरे हिंदू संगठन सदस्य ने पीएम मोदी के बयान का समर्थन करते हुए कहा, “भारत को अब इजरायल की तरह जवाब देना चाहिए। आतंकियों को घर में घुसकर चुन-चुनकर मारना चाहिए। साथ ही देश में घूम रहे अवैध रोहिंग्या, बांग्लादेशी और कट्टरपंथी लोगों को पहचानकर उनके देश वापस भेजा जाए और कार्रवाई की जाए।”
हिंदू संगठनों की मांग है कि देश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अब आतंकवाद और उसके समर्थकों पर निर्णायक और अंतिम प्रहार किया जाए। पीएम मोदी के सख्त रुख के बाद लोगों में उम्मीद जगी है कि इस बार आतंकवाद के खिलाफ बड़ा एक्शन जरूर होगा।





