हिमाचल के NEET टॉपर आरव ठाकुर नहीं करेंगे मेडिकल की पढ़ाई, बनना चाहते हैं इंजीनियर

दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के आरव ठाकुर ने NEET 2025 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 700 में से 619 अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने राज्य में टॉप करते हुए देशभर में 500वीं रैंक हासिल की है। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि आरव मेडिकल क्षेत्र में नहीं, बल्कि कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में अपना करियर बनाना चाहते हैं।

आरव ने इससे पहले जेईई मेन्स परीक्षा में भी हिस्सा लिया था, जिसमें उन्हें 11,063वां रैंक मिला था। आरव का कहना है कि उनका रुझान इंजीनियरिंग की ओर अधिक है और वह इसी क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं। वे बिलासपुर की हटवाड़ पंचायत के देहरा गांव के निवासी हैं। उनके पिता जगदीप ठाकुर फिजिक्स के लेक्चरर हैं और माता सपना ठाकुर स्कूल में टीजीटी हैं।

आरव बताते हैं कि उन्होंने छुट्टियों में प्रतिदिन 14 घंटे और सामान्य दिनों में 7 घंटे पढ़ाई की। वे इंटरनेट से दूर रहते थे और पढ़ाई के दौरान मानसिक तरोताजगी के लिए म्यूजिक सुनते थे। वे रात 3 बजे तक पढ़ाई करते और ठंड के मौसम में सुबह जल्दी उठ जाते थे। आरव की बड़ी बहन अमृता मेडिकल कॉलेज टांडा में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने और आरव दोनों ने मिनर्वा स्कूल से शिक्षा प्राप्त की है। आरव का मानना है कि सफलता भाग्य से नहीं, बल्कि मेहनत और संकल्प से मिलती है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में धैर्य और रणनीति बहुत जरूरी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button