कश्मीर में हेराईन तस्करी, महिला तस्कर समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली। कश्मीर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अनंतनाग, बारामुल्ला और कुलगाम जिलों से सात ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हेरोइन और चरस जैसे नशे के पदार्थ बरामद किए गए हैं। अनंतनाग में मोहम्मद इरफान (गाजियाबाद, यूपी) और एक महिला (बवाना, दिल्ली) को क्रमशः 6 और 3 ग्राम हेरोइन जैसे पदार्थ के साथ पकड़ा गया। इसके अलावा, बंगीदार इलाके में एक कुख्यात महिला तस्कर को 7 ग्राम हेरोइन जैसे पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया।
वहीं, इश्फाक अहमद (सैदवाड़ा, दूरू शाहाबाद) से भी 6 ग्राम नशे का पदार्थ बरामद किया गया। बारामुल्ला में हर्दबनी कुंजर ब्रिज पर पुलिस ने दो लोगों मुश्ताक अहमद (मामूसा पट्टन) और अब्दुल कयूम (रेराम कुंजर) को पकड़ा। तलाशी में मुश्ताक से 26 ग्राम नशीला पदार्थ और 4000 रुपये नकद तथा अब्दुल कयूम से 20 ग्राम चरस जैसा पदार्थ मिला।
कुलगाम जिले में पुलिस गश्त के दौरान एक संदिग्ध मुनीब अहमद भट (बेरीगाम काजीगुंड) को पकड़ा और उसके पास से 302 ग्राम चरस पाउडर जैसा पदार्थ बरामद किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस ने कहा है कि वह नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और लोगों से अपील की है कि वे नशे से जुड़ी किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें ताकि समाज को सुरक्षित और नशा मुक्त बनाया जा सके।





