केदारनाथ के पास हेलिकॉप्टर क्रैश, 7 श्रद्धालुओं की मौत

दिल्ली। उत्तराखंड के केदारनाथ में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। केदारनाथ से गौरीकुंड की ओर जा रहा एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट समेत सभी 7 लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में एक 2 साल का बच्चा भी शामिल है। हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। हेलिकॉप्टर आर्यन एविएशन कंपनी का था और वह श्रद्धालुओं को लेकर लौट रहा था। शुरुआती जांच में हादसे की वजह खराब मौसम को माना जा रहा है। हेलिकॉप्टर जंगल क्षेत्र में गिरा और आग लगने से पूरी तरह जल गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही SDRF और NDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं।
मृतकों में कई राज्यों के श्रद्धालु
उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) के अनुसार, हेलिकॉप्टर में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के 2-2, राजस्थान, उत्तराखंड और गुजरात के 1-1 यात्री सवार थे। सभी श्रद्धालु केदारनाथ दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे।
चारधाम हेलिकॉप्टर सेवा पर अस्थायी रोक
हादसे के बाद प्रशासन ने चारधाम यात्रा के लिए चल रही हेलिकॉप्टर सेवाओं पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि हेली सेवा संचालन को लेकर अब सख्त नियम बनाए जाएंगे। तकनीकी जांच और मौसम की सटीक जानकारी अनिवार्य की जाएगी।
पिछले सप्ताह भी हुआ था हादसा
8 दिन पहले रुद्रप्रयाग में एक हेलिकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी, जिससे हेलिकॉप्टर और एक कार को नुकसान हुआ था। लगातार हो रही घटनाओं से हेली सेवाओं की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।





