कहीं झमाझम बारिश तो कहीं जमकर होगी बर्फबारी, जम्मू से यूपी तक 7 राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट

दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 2 और 3 फरवरी को उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने की संभावना है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, दो लगातार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय होने जा रहे हैं। इसके असर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। साथ ही उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

आईएमडी के मुताबिक जिन राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और कुछ हिस्सों में मध्य प्रदेश शामिल हैं। कई इलाकों में 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में आंधी-पानी

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में 2-3 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल में शिमला और कुल्लू जैसे क्षेत्रों में बर्फबारी से पर्यटन स्थलों की रौनक बढ़ी है।

यूपी-एमपी में भी मौसम बदलेगा

उत्तर प्रदेश में कुछ जिलों में कोहरा, तो कुछ में बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button