तेलंगाना में हीटवेव का कहर, 16 लोगों की मौत; सरकार देगी 4-4 लाख मुआवजा

दिल्ली। तेलंगाना में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य में अब तक लू लगने से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। हालात की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है।

राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने शनिवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में हीटवेव से बने हालात और राहत कार्यों पर चर्चा की गई। मंत्री ने बताया कि राज्य के सात जिलों में अब तक मौतें दर्ज की गई हैं। इनमें सबसे ज्यादा चार मौतें जयशंकर भूपालपल्ली जिले में हुई हैं।

इसके अलावा वारंगल अर्बन, करीमनगर और निजामाबाद जिलों में तीन-तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं जोगुलांबा गडवाल, रंगारेड्डी और सूर्यापेट जिलों में एक-एक व्यक्ति की जान गई है। अधिकारियों के मुताबिक, कई अन्य जिलों से भी मौतों की अनौपचारिक जानकारी मिली है, हालांकि सभी मामलों में हीट स्ट्रोक की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सरकार ने प्रभावित परिवारों को जल्द राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मंत्री रेड्डी ने कहा कि एल नीनो के असर से इस बार तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है, जिससे हीटवेव और गंभीर हो गई है। उन्होंने अधिकारियों को अत्यधिक तापमान वाले गांवों की पहचान कर लोगों को समय रहते चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।

मौसम विभाग ने भी लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों पर पड़ रहा है।

इस बीच पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है, जहां अब तक 319 हीट स्ट्रोक के मामले सामने आ चुके हैं। लगातार बढ़ती गर्मी ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button