गर्मी में राहत का देसी उपाय: जानिए क्यों गमछा है हर आम आदमी का सबसे भरोसेमंद साथी

गर्मियों की दोपहर जब सूरज आसमान से आग बरसाता है, पसीना धार बनकर बहता है और गर्म हवाएं शरीर को जला डालने को तैयार होती हैं, तब एसी, कूलर और महंगे सनस्क्रीन हर किसी की पहुंच में नहीं होते। लेकिन एक चीज है, जो हर जेब में फिट बैठती है, हर मौसम में साथ निभाती है -गमछा।
गांव हो या शहर, खेत हो या सड़क, गमछा गर्मी से बचने का सबसे सरल, सस्ता और असरदार देसी उपाय है। आइए जानते हैं कैसे गमछा गर्मी में आपके लिए बन सकता है ‘हीरो’
1. पसीना सोखता है और देता है ठंडक
गमछा आमतौर पर कॉटन का बना होता है, जो पसीने को तुरंत सोख लेता है। इससे शरीर चिपचिपा नहीं लगता और स्किन पर राहत मिलती है।
अगर आप गमछे को भिगोकर पहनते हैं, तो हवा लगने पर यह शरीर को ठंडक पहुंचाता है — बिल्कुल एक नैचुरल एयर कंडीशनर की तरह।
2. धूल और प्रदूषण से बचाव करता है
शहरों में धूप के साथ-साथ प्रदूषण भी बड़ी समस्या है। ऐसे में गमछा चेहरे पर बांधने से धूल, धुएं और हानिकारक किरणों से बचाव करता है। यह एक सस्ती और असरदार फेस कवरिंग भी है।
3. लू से बचाने में सहायक
गर्म हवाओं (लू) से डिहाइड्रेशन और चक्कर आने का खतरा रहता है। गीला गमछा पहनने से शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है और लू का असर कम होता है। खासकर खेतों में काम करने वाले किसानों के लिए यह बेहद उपयोगी है।
4. मल्टीपर्पज़ है गमछा
गमछा सिर्फ सिर पर बांधने की चीज नहीं है, यह एक बहुउपयोगी कपड़ा है —
तौलिया की तरह इस्तेमाल
धूप से बच्चे को ढकना
बाइक/स्कूटर की सीट कवर करना
छोटा बैग कवर या सामान बांधना
कैसे करें गमछे का सही इस्तेमाल?
गमछे को हल्के रंग में चुनें, जो धूप को कम सोखता है।
भिगोकर निचोड़ें और फिर सिर, गर्दन या चेहरे पर लपेटें।
गाड़ी चलाते समय इससे नाक, मुंह और कान ढकें।
बार-बार पसीना पोंछें और फिर से भिगोकर उपयोग में लें।





