राजकीय सम्मान के साथ बारामती में अंतिम विदाई, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

दिल्ली। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद देशभर में शोक की लहर है। बुधवार 28 जनवरी को बारामती में हुए चार्टर प्लेन क्रैश में अजित पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।
हादसे की खबर आते ही राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनता तक हर कोई स्तब्ध रह गया। बारामती में उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी रही, जो अपने ‘दादा’ की आखिरी झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते रहे।
गुरुवार 29 जनवरी को अजित पवार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उनका पार्थिव शरीर काटेवाड़ी स्थित आवास से एम्बुलेंस के जरिए विद्या प्रतिष्ठान मैदान ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई।
अंतिम यात्रा के दौरान पूरे इलाके में गमगीन माहौल रहा और ‘अजित दादा अमर रहें’ के नारों के बीच लोगों की आंखें नम रहीं।
अंतिम संस्कार में कई बड़े नेता शामिल हुए। एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार, सांसद सुप्रिया सुले, विधायक रोहित पवार समेत पवार परिवार के सदस्य मौके पर मौजूद रहे। कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी गहरा दुख व्यक्त किया। प्लेन क्रैश की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) कर रहा है, जबकि पुणे ग्रामीण पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





