बिलासपुर में स्वच्छता संगम, सीएम और डिप्टी सीएम का भव्य स्वागत

बिलासपुर :मंगलवार को प्रदेश की राजनीति और विकास योजनाओं का केंद्र बना रहा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव हेलीकॉप्टर से यहां पहुंचे, जहां पंडित सुंदरलाल शर्मा परिसर हेलीपैड पर विधायक, जनप्रतिनिधि और अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

दोनों नेता बहतराई में आयोजित स्वच्छता संगम और प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों की सराहना की गई। बिलासपुर को देश में स्वच्छता रैंकिंग में दूसरा स्थान, कुम्हारी को तीसरा और बिल्हा को 20 हजार से कम जनसंख्या वाले नगरों में पहला स्थान मिलने पर गर्व जताया गया। रायपुर नगर निगम को देश में चौथा स्थान मिला। इस मौके पर स्वच्छता पुरस्कार पाने वाले नगर निकायों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में ऑनलाइन संपत्ति कर पोर्टल का शुभारंभ भी हुआ। यह पोर्टल प्रदेश के 192 नगरीय निकायों के लिए संपत्ति से जुड़ी जानकारी और कर भुगतान की सुविधा देगा। अब नागरिक आसानी से ऑनलाइन संपत्ति कर जमा कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और सरल होगी।

सीएम विष्णुदेव साय ने घोषणा की कि स्वच्छता में पहला स्थान पाने वाले निकाय को 1 करोड़, दूसरा स्थान पाने वाले को 50 लाख और तीसरा स्थान पाने वाले को 25 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने इस सफलता का श्रेय डिप्टी सीएम अरुण साव को देते हुए कहा कि अटल जी के सपनों के अनुरूप छत्तीसगढ़ का विकास तेज गति से हो रहा है।

इस दौरान बिलासपुर के 260 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button