रायपुर में धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा, राज्यपाल और मुख्यमंत्री हुए शामिल

रायपुर। राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में आज भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। इस मौके पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी भी विशेष रूप से शामिल हुए। सभी ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की पूजा अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पारंपरिक ‘छेरापहरा’ की रस्म निभाई। उन्होंने सोने की झाड़ू से रथ का मार्ग बुहारा और फिर भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा को रथ तक ले जाकर विराजित किया। यह रस्म ओडिशा की रथ यात्रा की परंपरा का हिस्सा है, जिसे छत्तीसगढ़ में भी वर्षों से निभाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने रथ यात्रा के शुभ अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और कहा, “यह पर्व केवल ओडिशा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए भी एक बड़ा उत्सव है। भगवान जगन्नाथ किसानों के रक्षक हैं। उन्हीं की कृपा से अच्छी बारिश और भरपूर फसल होती है। मैं प्रार्थना करता हूं कि इस साल भी छत्तीसगढ़ में खुशहाली और समृद्धि आए।”

रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर के पुजारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा की संस्कृति आपस में गहराई से जुड़ी हुई है। यह आयोजन दोनों राज्यों की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है।

ऐसा भी माना जाता है कि भगवान जगन्नाथ का मूल स्थान छत्तीसगढ़ का शिवरीनारायण है, जहां त्रेता युग में भगवान श्रीराम ने माता शबरी के प्रेम से अर्पित बेर खाए थे। आज भी वहां नर-नारायण का एक भव्य मंदिर स्थित है, जो इस ऐतिहासिक मान्यता को जीवंत बनाए हुए है।

रथ यात्रा के आयोजन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे वातावरण में भक्तिभाव और उल्लास की लहर छाई रही।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button