गंगा दशहरा पर रामानुजगंज में होगी भव्य गंगा आरती, कन्हर नदी तट पर तैयारियां तेज

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में गंगा दशहरा के अवसर पर कन्हर नदी तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को खास बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधि तैयारियों में जुटे हुए हैं। नदी तट पर साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के साथ मां महामाया मंदिर स्थित छठ घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

काशी की तर्ज पर होगी विशेष आरती

इस बार आयोजन की खास बात यह रहेगी कि काशी से आए ब्राह्मणों का दल बनारस के प्रसिद्ध अस्सी घाट की तर्ज पर गंगा आरती करेगा। इसके लिए घाट परिसर को आकर्षक रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया जा रहा है।

आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। घाट क्षेत्र में सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि इस आयोजन को धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है।

स्थानीय लोग भी तैयारियों में जुटे

गंगा दशहरा आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। नगर के जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी घाट पहुंचकर साफ-सफाई अभियान में सहयोग किया।

कन्हर नदी को क्षेत्र में जीवनदायिनी माना जाता है और लोगों की इससे गहरी आस्था जुड़ी हुई है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं।

आयोजन में झारखंड समेत आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

हर साल उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़

रामानुजगंज में पिछले कई वर्षों से गंगा दशहरा का आयोजन धूमधाम से किया जाता रहा है। इस दौरान हजारों श्रद्धालु कन्हर नदी तट पर पहुंचकर गंगा आरती में शामिल होते हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने सभी नगरवासियों से आयोजन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, जिसे सामूहिक रूप से सफल बनाया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button