यूजीसी नियमों पर बढ़ते विवाद के बीच सरकार ने दी सफाई, जल्द जारी होगा स्पष्टीकरण

यूजीसी के नए नियमों को लेकर देशभर में बढ़ते विरोध के बीच अब सरकार की ओर से स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने कहा है कि ये नियम सभी के लिए समान और निष्पक्ष होंगे तथा किसी भी वर्ग के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।

सरकार की ओर से यह भी बताया गया है कि अधिसूचित नियमों को लेकर यदि किसी प्रकार की गलतफहमी या भ्रम है, तो उसे दूर करने के लिए शिक्षा मंत्रालय जल्द ही आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करेगा। मंत्रालय का उद्देश्य नियमों को लेकर पारदर्शिता बनाए रखना और सभी पक्षों को संतुष्ट करना है।

यूजीसी के नए नियमों को लेकर खासतौर पर सामान्य वर्ग से जुड़े संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि प्रस्तावित 9 सदस्यीय समिति में संस्थान प्रमुख, प्रोफेसर, कर्मचारी, नागरिक और छात्र शामिल होंगे, जबकि पांच सीटें एससी-एसटी, ओबीसी, दिव्यांग और महिलाओं के लिए आरक्षित रखी गई हैं। इसमें सामान्य वर्ग के प्रतिनिधित्व की कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं है।

विरोध करने वाले संगठनों का आरोप है कि इस व्यवस्था से सामान्य वर्ग के खिलाफ फर्जी या पक्षपातपूर्ण शिकायतों की आशंका बढ़ सकती है। उनका कहना है कि समिति में सभी वर्गों का समान प्रतिनिधित्व होना जरूरी है, ताकि निष्पक्ष निर्णय लिया जा सके।

इस नियम के विरोध में प्रशासनिक स्तर पर भी असंतोष सामने आया है। बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने नई गाइडलाइन और संबंधित मुद्दों को लेकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इन नियमों को सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए नुकसानदायक बताया।

वहीं, सरकार का कहना है कि इन नियमों का मुख्य उद्देश्य शिक्षण संस्थानों में समानता, सुरक्षा और निष्पक्षता को बढ़ावा देना है। सरकार ने सभी पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने और जरूरत पड़ने पर नियमों में संशोधन करने का भरोसा दिलाया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button