जय स्तंभ चौक से लाखों का सामान चोरी, छत्तीसगढ़ सिख समाज ने की शिकायत

रायपुर। राजधानी रायपुर के जय स्तंभ चौक से लाखों रुपये के सामान चोरी हो जाने की शिकायत छत्तीसगढ़ सिख समाज ने गोलबाजार थाने में दर्ज कराई है। समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा ने बताया कि इस ऐतिहासिक स्थल का सौंदर्यीकरण साल 2020 में नगर निगम द्वारा 55 लाख रुपए की लागत से कराया गया था।

इस काम के तहत चौक पर चार बड़े एलईडी टीवी और कई महंगी लाइटें लगाई गई थीं। इन टीवी पर छत्तीसगढ़ के महान व्यक्तित्वों की जीवनगाथा दिखाई जाती थी। लेकिन सौंदर्यीकरण के एक साल के भीतर ही टीवी खराब हो गए और कुछ समय बाद वहां की लाइटें भी बंद हो गईं।

अब हालात यह हैं कि टीवी और लाइटें पूरी तरह गायब हो गई हैं और जय स्तंभ चौक अंधेरे में डूबा रहता है। सिख समाज का कहना है कि यह वीर शहीदों का अपमान है, जिनकी याद में यह स्तंभ बनाया गया था।

समाज के पदाधिकारियों – सुखबीर सिंह सिंघोत्रा, सुरजीत सिंह छाबड़ा, गुरदीप सिंह टुटेजा, मनजीत सिंह भाटिया और मनदीप सिंह सलूजा ने मांग की है कि इस चोरी की गंभीरता से जांच की जाए और दोषियों पर देशद्रोह जैसी सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया जाए।

इसके साथ ही समाज ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जय स्तंभ चौक की मरम्मत कर उसे फिर से भव्य रूप में सजाया जाए और रोशन किया जाए, ताकि शहीदों की स्मृति को सम्मान मिल सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button