सोने-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट, निवेशकों को खरीदारी का मौका

सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। घरेलू वायदा बाजार में कारोबार शुरू होते ही चांदी के दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई, जबकि सोने की कीमतों में हल्की कमजोरी दिखाई दी। हालिया तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली और अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले संकेतों का असर कीमती धातुओं पर साफ नजर आया।
वायदा बाजार में मार्च डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,91,577 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। आज यह 2,87,127 रुपये पर खुली और शुरुआती कारोबार में फिसलकर 2,85,513 रुपये तक पहुंच गई। दिन के दौरान चांदी ने 2,88,901 रुपये प्रति किलो का उच्च स्तर भी छुआ। सुबह के कारोबार में चांदी करीब 3,449 रुपये की गिरावट के साथ 2,88,128 रुपये प्रति किलो पर कारोबार करती दिखी, जो लगभग 1.18 प्रतिशत की कमी है।
सोने की कीमतों में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई। फरवरी डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,43,121 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था और आज 1,42,589 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह 1,42,400 रुपये तक नीचे गया, जबकि ऊपरी स्तर पर 1,42,837 रुपये तक पहुंचा। सुबह के समय सोना करीब 350 रुपये की गिरावट के साथ 1,42,771 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था।
हालांकि आज कीमतों में गिरावट देखने को मिली, लेकिन लंबी अवधि में सोना और चांदी की मजबूती बनी हुई है। इस साल अब तक सोने में करीब 5 प्रतिशत और चांदी में लगभग 15 प्रतिशत की तेजी दर्ज की जा चुकी है। वहीं, पिछले एक साल में सोने की कीमत करीब 80 प्रतिशत और चांदी लगभग 192 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है।
वैश्विक स्तर पर जारी तनाव, अमेरिका की व्यापार नीतियों को लेकर अनिश्चितता और केंद्रीय बैंकों द्वारा लगातार सोने की खरीदारी ने इन धातुओं को मजबूत सहारा दिया है। इसी वजह से निवेशक अब भी सोना और चांदी को सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में देख रहे हैं।





