गोवा अग्निकांड: थाईलैंड से प्रत्यर्पित हुए लूथरा ब्रदर्स, CBI की टीम लेकर पहुंच रही दिल्ली

दिल्ली। गोवा के अरपोरा स्थित एक नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड ने भारत को सौंप दिया है। प्रत्यर्पण की पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद CBI की एक विशेष टीम दोनों आरोपियों को लेकर आज ही फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना हो गई है। दिल्ली पहुंचते ही गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा।

यह मामला 6 दिसंबर की रात का है, जब गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित नाइट क्लब में अचानक आग लग गई थी। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरे क्लब को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 5 पर्यटकों समेत कुल 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया था और जांच एजेंसियों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की थी।

जांच में सामने आया कि नाइट क्लब के संचालन और सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही बरती गई थी। इसी सिलसिले में लूथरा ब्रदर्स को मुख्य आरोपी बनाया गया। हादसे के वक्त दोनों आरोपी दिल्ली में मौजूद थे और घटना की खबर मिलते ही वे दिल्ली से थाईलैंड फरार हो गए थे। इसके बाद भारत सरकार के अनुरोध पर इंटरपोल और भारतीय उच्चायोग की मदद से उनकी तलाश तेज की गई।

अब थाईलैंड के बैंकॉक एयरपोर्ट से लूथरा ब्रदर्स का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्हें सुरक्षा घेरे में देखा जा सकता है। थाईलैंड सरकार द्वारा भारत को सौंपे जाने के बाद CBI टीम उन्हें अपने साथ लेकर लौट रही है। उम्मीद है कि भारत आने के बाद पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के जरिए इस दर्दनाक हादसे के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आएगी। इस मामले से जुड़ी हर नई जानकारी और अपडेट पर नजर रखी जा रही है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, इस खबर को लगातार अपडेट किया जाता रहेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button