तेलीबांधा शूटआउट में सुपारी देने वाला गैंगस्टर मयंक सिंह जेल भेजा, 9 जनवरी तक न्यायिक हिरासत

रायपुर। तेलीबांधा शूटआउट मामले में सुपारी देने के आरोप में पकड़े गए गैंगस्टर मयंक सिंह को कोर्ट ने 9 जनवरी तक जेल भेज दिया है। उसकी 4 दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद आज उसे अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने रिमांड बढ़ाने की मांग नहीं की।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान मयंक ने शूटआउट से जुड़े कई अहम राज खोले हैं। अब इन जानकारियों की पुष्टि के लिए जांच आगे बढ़ाई जाएगी। मयंक कोई सामान्य अपराधी नहीं, बल्कि झारखंड के कुख्यात अमन साव गैंग का बेहद भरोसेमंद और खतरनाक सदस्य माना जाता है। अपराध की दुनिया में उसकी पकड़ इतनी मजबूत है कि उसके संबंध लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ जैसे बड़े गैंगस्टरों से भी बताए जा रहे हैं।
मयंक कोयला क्षेत्रों और बड़े कंस्ट्रक्शन कारोबारियों से वसूली (Extortion) का नेटवर्क संभालता है। पुलिस का दावा है कि वह जेल के अंदर रहते हुए भी व्हाट्सएप और डिजिटल माध्यमों से कारोबारियों को धमकाता था और लेवी की मांग करता था। रायपुर में हुई फायरिंग भी इसी वसूली नेटवर्क का हिस्सा बताई जा रही है।
उसकी बेखौफ मानसिकता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 16 जून 2024 को जब उसके कुछ साथी गिरफ्तार हुए थे, तभी उसने छत्तीसगढ़ के मीडिया को एक धमकी भरा ई-मेल भेजकर दहशत फैलाने की कोशिश की थी।
फिलहाल, पुलिस आगे की जानकारी जुटाने में लगी है और जांच के बाद कई और खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।





