MVA के भविष्य से मराठी अस्मिता तक… उद्धव-राज गठजोड़ पर पूर्व CM पृथ्वीराज चव्हाण का तीखा वार

मुंबई:महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने महाविकास अघाड़ी (MVA) के भविष्य, मराठी अस्मिता, संजय गायकवाड़ के थप्पड़ कांड और शाहपुर स्कूल प्रकरण पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे का एक मंच पर आना वोटबैंक की सियासत का हिस्सा है, जिसे मराठी अस्मिता के नाम पर बढ़ावा दिया जा रहा है।

चव्हाण ने कहा कि MVA गठबंधन का भविष्य कांग्रेस आलाकमान तय करेगा। यदि उद्धव ठाकरे राज ठाकरे के साथ गठबंधन करते हैं, तो सवाल उठता है कि नेतृत्व कौन करेगा और सीटों का बंटवारा कैसे होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मसले पर अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व का होगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने मराठी अस्मिता के मुद्दे पर कहा कि मराठी महाराष्ट्र की प्रमुख भाषा है, लेकिन इसके नाम पर जबरन भाषा थोपना और हिंसा करना गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही सभी राजनीतिक दल मराठी अस्मिता की दुहाई देने लगते हैं, जो महज वोटबैंक की राजनीति है। चुनाव के बाद यही नेता मराठी और अस्मिता दोनों को भूल जाते हैं।

शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ के थप्पड़ कांड पर चव्हाण ने फडणवीस सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में अराजकता फैल रही है और मुख्यमंत्री सबसे असफल सीएम साबित हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि विधायक पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई, जबकि शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया पहले से मौजूद है।

RSS प्रमुख मोहन भागवत के 75 साल में रिटायरमेंट के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चव्हाण ने कहा कि इस तरह के बयान संदेशों से भरे होते हैं। उन्होंने पूछा कि अगर नरेंद्र मोदी ने खुद 75 की उम्र में रिटायरमेंट की बात कही थी तो क्या वे इस सितंबर, अपने जन्मदिन पर, ऐसा कोई निर्णय लेंगे?

शाहपुर स्कूल कांड पर दुख जताते हुए चव्हाण ने कहा कि यह घटना बेहद शर्मनाक है और राज्य की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को उचित प्रशिक्षण नहीं मिल रहा है और सरकार की शिक्षा नीति फेल हो चुकी है। 8 जुलाई को घटित इस घटना में छात्राओं के कपड़े उतरवाए जाने की जानकारी पर चव्हाण ने कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि इससे महाराष्ट्र का सिर शर्म से झुक गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button