बिलासपुर में फ्रिज ब्लास्ट से भीषण आग, घर में अकेली बुजुर्ग महिला की जलकर मौत

बिलासपुर में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब घर में रखे फ्रिज में अचानक ब्लास्ट हो गया और देखते ही देखते पूरे मकान में आग फैल गई। आग की चपेट में आने से घर में मौजूद बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के समय महिला घर में अकेली थी, जिसके कारण उसे बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।
धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि गली के एक मकान से आग की लपटें उठ रही हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब घर के अंदर तलाशी ली गई तो बुजुर्ग महिला बुरी तरह झुलसी हालत में मिली। उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृत महिला की पहचान जया अग्रवाल (57) के रूप में हुई है, जो लिंगियाडीह क्षेत्र में साईं मंदिर के पीछे रहती थीं। बताया जा रहा है कि वह अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थीं, लेकिन घटना के समय वह घर में अकेली थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार पहले ऐसा लगा कि गैस सिलेंडर फटा है, लेकिन बाद में जांच में सामने आया कि हादसा फ्रिज में ब्लास्ट होने की वजह से हुआ। फ्रिज में धमाका होते ही आग तेजी से पूरे घर में फैल गई, जिससे महिला आग की लपटों में घिर गई और बाहर नहीं निकल सकी।
जांच में यह भी सामने आया है कि महिला के मुंहबोले भाई की कुछ दिन पहले तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिवार में अभी उनके क्रियाकर्म चल ही रहे थे कि इस बीच यह दुखद हादसा हो गया।
पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी। दमकल और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई गई। घर के अंदर तलाशी लेने पर महिला का शव बरामद हुआ। मामले की जांच की जा रही है।





