मजदूर दिलाने के नाम पर 35 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मजदूर उपलब्ध कराने के नाम पर दो ईंट भट्ठा संचालकों से कुल 35 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीसेगांव निवासी नीलकंठ कुंभकार (62) और अभिषेक चक्रधारी ने पुलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो लोगों ने उनसे कई किश्तों में पैसे लिए लेकिन मजदूर नहीं भेजे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से 60 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।

दुर्ग पुलिस की जानकारी के अनुसार, आरोपी तीजराम केवट और कमल सिंह निषाद, बलौदाबाजार जिले के लवन थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इन्होंने पीड़ितों से 12 अलग-अलग किश्तों में रकम ऐंठी। नीलकंठ कुंभकार ने बताया कि तीजराम ने मजदूर भेजने के नाम पर उससे 10.35 लाख रुपए और कमल सिंह ने 9.32 लाख रुपए लिए। वहीं अभिषेक चक्रधारी ने बताया कि तीजराम ने उससे भी 15 लाख रुपए 11 किश्तों में ठग लिए।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने धोखाधड़ी की बात स्वीकार कर ली है। उन्होंने पीड़ितों से पैसा लेने के बावजूद न तो मजदूर भेजे और न ही रकम लौटाई। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले ने भट्ठा व्यवसायियों के बीच चिंता बढ़ा दी है, जो अकसर मजदूरों की कमी से जूझते हैं और इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मजदूर एजेंटों की पहचान जांचने के बाद ही कोई भुगतान करें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई