हथबंध–बैकुंठ के बीच चौथी रेल लाइन को मंजूरी, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

बिलासपुर। बिलासपुर–रायपुर–नागपुर मुख्य रेल मार्ग पर यात्रियों और रेलवे के लिए बड़ी खुशखबरी है। हथबंध और बैकुंठ स्टेशनों के बीच 17.24 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन के निर्माण को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर करीब 274 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
यह रेलखंड देश के सबसे व्यस्त मुंबई–हावड़ा हाई डेंसिटी नेटवर्क का अहम हिस्सा है। फिलहाल इस मार्ग पर ट्रेनों का दबाव बहुत ज्यादा है और लाइन क्षमता का उपयोग लगभग 158 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। ऐसे में चौथी रेल लाइन बनने से रेल यातायात को बड़ी राहत मिलेगी।
नई रेल लाइन के शुरू होने से यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों की आवाजाही आसान होगी। ट्रेनों की समयबद्धता बेहतर होगी और देरी की समस्या कम होगी। खासतौर पर ऊर्जा, खनिज, सीमेंट और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े माल परिवहन को इससे गति मिलेगी।
इस परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट को मूल्यांकन समिति की सिफारिश और रेलवे बोर्ड के संबंधित विभागों की मंजूरी मिल चुकी है। इससे क्षेत्र में आर्थिक विकास, उद्योगों के विस्तार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे इस महत्वपूर्ण परियोजना को जल्द शुरू करने की तैयारी में जुट गया है। कुल मिलाकर, यह चौथी रेल लाइन छत्तीसगढ़ समेत देश की रेल व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम मानी जा रही है।





