संसद मानसून सत्र का चौथा दिन: पहलगाम-ऑपरेशन सिंदूर, बिहार वोटर लिस्ट पर हंगामे के आसार

दिल्ली। संसद के मानसून सत्र का गुरुवार को चौथा दिन है और आज भी विपक्ष के हंगामे की संभावना जताई जा रही है। विपक्षी दलों की मांग है कि पहलगाम आतंकी हमला और ऑपरेशन सिंदूर जैसे मुद्दों पर संसद में चर्चा हो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं जवाब दें। बीते तीन दिनों में हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा में नियमित कार्यवाही नहीं चल पाई और बुधवार को सदन की कार्यवाही तीन बार स्थगित करनी पड़ी।
बिहार वोटर वेरिफिकेशन विवाद को लेकर विपक्ष ने मकर द्वार पर काला गमछा पहनकर जोरदार प्रदर्शन किया, जिसमें राहुल गांधी और अखिलेश यादव भी शामिल हुए। इसके साथ ही इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने संसद भवन की सीढ़ियों पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्षी सांसदों ने काले कपड़े लहराकर अपना विरोध दर्ज किया।
इस बीच, ऑपरेशन सिंदूर पर 28 जुलाई को लोकसभा और 29 जुलाई को राज्यसभा में 16-16 घंटे की चर्चा तय की गई है। मानसून सत्र कुल 32 दिनों का है और इसमें 18 बैठकें होंगी। इस सत्र में सरकार 8 नए विधेयक पेश करेगी और 7 लंबित बिलों पर चर्चा होगी।
राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ट्रम्प 25 बार कह चुके हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान सीजफायर कराया। उन्होंने सवाल किया कि पीएम मोदी अब तक चुप क्यों हैं और ट्रम्प के दावे पर सफाई क्यों नहीं दी।





