छत्तीसगढ़ विधानसभा का चौथा दिन: खाद संकट, वन अधिकार और 5 विधेयकों पर गरमाएगा सदन, देखे LIVE

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज चौथे दिन में है। आज सदन में डीएपी खाद की कमी, वन अधिकार पत्रों पर अवैध कब्जा और गृह निर्माण मंडल जैसे मुद्दों पर चर्चा गर्म होने की संभावना है।
सत्र की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी। इसमें मंत्री रामविचार नेताम और वित्त मंत्री ओपी चौधरी से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे। विधायक धरमलाल कौशिक भारतमाला परियोजना में हुए घोटाले को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे। वहीं विधायक राघवेंद्र सिंह जांजगीर-चांपा जिले की ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य से जुड़े मुद्दे को उठाएंगे।
सदन में आज कुल 5 विधेयक पेश किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय “छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय स्थापना और संचालन संशोधन विधेयक” को सदन में पेश करेंगे। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा भी पट्टाधृति अधिकार संशोधन विधेयक सदन में लाएंगे। सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस की संभावना है, क्योंकि कई महत्वपूर्ण और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है।





