इंद्रावती नदी में नाव पलटने से एक ही परिवार के चार लोग लापता, रेस्क्यू में देरी

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी पार करते समय नाव पलटने से एक ही परिवार के चार लोग तेज बहाव में बह गए। हादसे में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे लापता हैं। नाव में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से एक महिला को स्थानीय ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया। घटना के करीब 18 घंटे बाद तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
यह हादसा 21 जनवरी की शाम करीब पांच बजे भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उसपरी झिल्ली घाट पर हुआ। सभी पीड़ित नदी पार स्थित बोड़गा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वे उसपरी बाजार से अपने गांव लौट रहे थे, तभी डोंगी अनियंत्रित होकर पलट गई और चार लोग नदी में बह गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। नगर सेना को भी बुलाया गया, लेकिन शाम होने और संसाधनों की कमी के कारण तत्काल बचाव अभियान शुरू नहीं हो सका। सुबह नगर सेना की टीम मोटरबोट के जरिए सर्च ऑपरेशन के लिए रवाना हुई, लेकिन रास्ते में वाहन खराब होने से टीम घाट पर देर से पहुंची, जिससे तलाश अभियान में और देरी हुई।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इंद्रावती नदी जिले से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित है और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए नाव ही आवागमन का मुख्य साधन है। राशन लाने या बाजार आने-जाने के दौरान हर साल यहां नाव पलटने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है।
प्रशासन ने लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी रखने की बात कही है और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। गांव में घटना के बाद से मातम का माहौल है और परिजन लगातार किसी खबर का इंतजार कर रहे हैं।





