शराब दुकान से चार कर्मचारियों का अपहरण, भीड़ तमाशबीन बनी रही

रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में स्थित एक सरकारी शराब दुकान से बदमाशों द्वारा चार कर्मचारियों के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शाम के समय दो गाड़ियों में पहुंचे बदमाशों ने दुकान में घुसकर कर्मचारियों के साथ विवाद किया और देखते ही देखते मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद चार कर्मचारियों को जबरन गाड़ियों में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय शराब दुकान पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी बदमाशों का विरोध नहीं किया। डंडों और धमकियों के दम पर कर्मचारियों को गाड़ियों में बैठाया गया और बदमाश फरार हो गए।

सूत्रों के मुताबिक, घटना की जानकारी सामने आने के बाद देर रात आरोपियों ने चारों कर्मचारियों को छोड़ दिया। इसके बाद कर्मचारी सुरक्षित रूप से दुकान पहुंचे और पुलिस को लौट आने की सूचना दी। हालांकि अब तक इस मामले में थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटना के तार शराब तस्करी करने वाले गिरोह और चंदा वसूली के विवाद से जुड़े हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शराब दुकान के मैनेजर से चंदे की मांग की गई थी। चंदा देने से इनकार करने पर बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोग भी शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले में गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी हुई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button