कर्नाटक के पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश की हत्या: पत्नी और बेटी हिरासत में, घरेलू कलह बना वजह

बेंगलुरु। कर्नाटक के पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश (68) की हत्या के मामले ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है। यह दिल दहला देने वाली घटना बेंगलुरु के एचएसआर लेआउट स्थित उनके घर में हुई। इस मामले में उनकी पत्नी पल्लवी और बेटी को पुलिस ने हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।
पत्नी पल्लवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह और उनकी बेटी अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। पल्लवी ने बताया कि ओम प्रकाश कई दिनों से घरेलू विवाद में हिंसक हो गए थे और अक्सर बंदूक लेकर उन्हें धमकाते थे। घटना वाले दिन भी झगड़ा हुआ और उन्होंने जान से मारने की धमकी दी।
पल्लवी का खुलासा: मिर्च पाउडर और चाकू से हमला
पल्लवी ने बताया कि उन्होंने ओम प्रकाश के चेहरे पर मिर्च पाउडर डाला, जिससे उन्हें तेज जलन होने लगी। इसके बाद हाथ-पैर बांधकर चाकू से कई वार किए गए, जिससे ज्यादा खून बह जाने के कारण ओम प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। शाम को पल्लवी ने खुद पुलिस को इसकी सूचना दी।
हत्या में बेटी की भूमिका की भी जांच
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या में बेटी की कितनी भूमिका थी। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पल्लवी इस मामले में मुख्य आरोपी मानी जा रही हैं। ओम प्रकाश के बेटे ने इस घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है।
सूत्रों के मुताबिक, पल्लवी सिजोफ्रेनिया जैसी मानसिक बीमारी से पीड़ित थीं और दवाएं ले रही थीं। कुछ महीने पहले उन्होंने जमीन विवाद को लेकर एचएसआर पुलिस थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने वहां धरना भी दिया था।
कौन थे ओम प्रकाश?
ओम प्रकाश बिहार के चंपारण जिले के रहने वाले थे। वह 1981 बैच के आईपीएस अधिकारी थे और भूविज्ञान में मास्टर डिग्री प्राप्त थी। उन्हें 1 मार्च 2015 को कर्नाटक का डीजीपी नियुक्त किया गया था। उनका बेंगलुरु में तीन मंजिला मकान है।
फिलहाल ओम प्रकाश के शव का पोस्टमार्टम आज किया जाएगा। पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि इस हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई क्या है।





