पूर्व सीएम अजीत जोगी की मूर्ति अनावरण से पहले गायब, जोगी कांग्रेस में आक्रोश की लहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की आदमकद प्रतिमा अनावरण से पहले रहस्यमय ढंग से गायब हो गई। यह घटना गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ज्योतिपुर चौराहे की है, जहां 29 मई को भव्य कार्यक्रम के तहत जोगी जी की मूर्ति का अनावरण होना था। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में थीं, मंच सजा दिया गया था और आमंत्रण पत्र भी वितरित किए जा चुके थे। लेकिन कार्यक्रम से ठीक पहले प्रतिमा का गायब हो जाना सभी के लिए चौंकाने वाला रहा।

इस घटना की खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं समेत स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। मूर्ति की अचानक गुमशुदगी से समर्थकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। बताया जा रहा है कि नगर पालिका के सीएमओ ने प्रतिमा की स्थापना को लेकर आपत्ति जताई थी, लेकिन यह कार्रवाई चुपचाप कर दी गई, न आयोजकों को कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही किसी वैकल्पिक व्यवस्था का प्रस्ताव रखा गया।

मूर्ति हटाना जनभावना से खिलवाड़: जोगी कांग्रेस

जोगी कांग्रेस ने इसे “राजनीतिक षड्यंत्र” करार दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अजीत जोगी केवल एक राजनेता नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ की आत्मा थे। उनकी मूर्ति को हटाना जनभावनाओं के साथ खुला खिलवाड़ है। समर्थकों का कहना है कि जोगी जी न केवल मरवाही विधानसभा के लोकप्रिय नेता थे, बल्कि उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई थी। राज्य के हर समाज और वर्ग पर उनका प्रभाव था।

घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मूर्ति को पुनः उसी स्थान पर स्थापित करने की मांग की। वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि चौराहे पर लगे सीसीटीवी फुटेज में यह स्पष्ट दिखता है कि रात के अंधेरे में मूर्ति को जानबूझकर हटाया गया। इससे स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि यह किसी गहरी साजिश का हिस्सा हो सकता है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और हालात को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है और वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं। मूर्ति की रहस्यमय ढंग से गुमशुदगी ने जोगी समर्थकों की भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाया है और अब पूरा मामला राजनीतिक रंग ले चुका है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई