कोहरा और शीतलहर का कहर: कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानें आज देशभर का मौसम हाल

दिल्ली। देशभर में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। कोहरे और शीतलहर के चलते लोगों को गलन और ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक तापमान तेजी से गिर रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में कोहरा, शीतलहर और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में 16 और 17 दिसंबर को सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की प्रबल संभावना है।

वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के अलावा पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भी आज घना कोहरा देखने को मिल सकता है। IMD ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश का येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर में 17 दिसंबर तक मौसम शुष्क बना रह सकता है। हालांकि 17-18 दिसंबर को बादल छाने की संभावना है। 20-21 दिसंबर से ‘चिल्लई कलां’ की शुरुआत के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भी आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में हल्का कोहरा और शीतलहर का असर बना रहेगा।

दिल्ली में ठंड का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। शीतलहर के साथ-साथ कोहरे और प्रदूषण ने परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में 10–15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है और 16-17 दिसंबर को हल्का कोहरा छाया रहेगा।

उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। दृश्यता कम होने के कारण लोगों को खासकर सुबह और रात के समय यात्रा में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button