देशभर में बाढ़ और लैंडस्लाइड का कहर: पंजाब, यूपी-हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में हालात गंभीर

दिल्ली। पंजाब समेत देश के कई राज्यों में बारिश और बाढ़ ने हालात बिगाड़ दिए हैं। पंजाब के आठ जिलों के 1018 गांवों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है और तीन लोग लापता हैं। करीब 11 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगह शिफ्ट किया गया है। रावी नदी का जलस्तर बढ़ने से गुरदासपुर के घोनेवाले में धुस्सी बांध टूट गया, जिससे पानी अजनाला शहर तक पहुंच गया और 80 गांव डूब गए।

comp 112 1756610242

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के बदर गांव में भूस्खलन से सात शव मिले हैं। वहीं, रामबन के राजगढ़ में बादल फटने से चार लोगों की मौत हुई और एक महिला लापता है। कटरा में वैष्णो देवी यात्रा छह दिन से रुकी हुई है। इधर, हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मणिमहेश यात्रा रोक दी गई है। यहां अब तक 10 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है और चार लापता हैं।

उत्तर प्रदेश के 18 जिलों में लगातार बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। अब तक 774 मकान ढह गए हैं। बलिया जिले में गंगा के तेज कटान से 24 घंटे में 24 मकान नदी में समा गए। वहीं, सोनभद्र में रिहंद बांध ओवरफ्लो होने पर चौथी बार फाटक खोलना पड़ा।

गुजरात के हिम्मतनगर में 15 से ज्यादा कारें पानी में डूब गईं, जबकि पंजाब के फाजिल्का में NDRF की टीम ने सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला। हिमाचल के मंडी में बादल फटने से भारी मलबा फैला। मौसम विभाग ने पंजाब, हिमाचल और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। देशभर में हालात गंभीर हैं और राहत-बचाव कार्य तेज किए गए हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button