पानी का सैलाब और सेना का दुर्लभ ऑपरेशन,माधोपुर हेडवर्क्स से CRPF जवान और नागरिक सुरक्षित निकाले गए

पंजाब। पंजाब में लगातार भारी बारिश के कारण रावी नदी उफान पर है। इसका असर माधोपुर हेडवर्क्स क्षेत्र पर सबसे ज्यादा देखने को मिला, जहां पानी का सैलाब इमारतों और सड़कों तक पहुंच गया। यहां कल से 22 सीआरपीएफ जवान और तीन नागरिक फंसे हुए थे। स्थिति बिगड़ने पर भारतीय सेना ने देर रात से ही रेस्क्यू अभियान की तैयारी की और आज सुबह 6 बजे सेना विमानन के हेलीकॉप्टरों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बचाव अभियान चलाया। इस साहसिक ऑपरेशन में सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सेना ने बताया कि पानी के तेज बहाव और खराब मौसम के बावजूद ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। यह मिशन बेहद कठिन था क्योंकि रावी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था और आसपास के इलाके में कटाव हो रहा था। वहीं, जम्मू-कश्मीर बॉर्डर पर माधोपुर (पठानकोट) स्थित पुलिस नाका भी देर रात हटाना पड़ा क्योंकि नदी का पानी वहां तक पहुंच गया था।

उधर, सुजानपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर भी पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और हाईवे पर वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया। रावी नदी के उफान से यूबीडीसी नहर में भी पानी बढ़ गया, जिससे हाईवे पूरी तरह जलमग्न हो गया। इस पूरे घटनाक्रम ने पंजाब और जम्मू मार्ग पर आपात स्थिति जैसी हालत पैदा कर दी है। हालांकि सेना और एनडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से फंसे लोगों की जान बच गई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button