देशभर में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात: दिल्ली-पंजाब, यूपी-जम्मू-कश्मीर सबसे ज्यादा प्रभावित

दिल्ली। दिल्ली में भारी बारिश के बाद यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मोनेस्ट्री मार्केट, यमुना बाजार, वासुदेव घाट, निगम बोध घाट, मयूर विहार और कश्मीरी गेट जैसे इलाके जलमग्न हैं। सिविल लाइंस के स्वामीनारायण मंदिर में पांच फीट तक पानी भर गया है। ट्रैफिक जाम और बाढ़ जैसे हालात से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

पंजाब में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। 23 जिलों के 1900 गांव प्रभावित हैं और अब तक 3.84 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हो चुके हैं। 12 जिलों में 43 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 1.71 लाख हेक्टेयर फसल को नुकसान पहुंचा है। अमृतसर सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है।

उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना नदी खतरे के निशान से 55 सेमी ऊपर बह रही है। 20 से ज्यादा कॉलोनियां डूब गई हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर में लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग और सिंथन रोड बंद हैं। करीब 3700 से ज्यादा वाहन फंसे हुए हैं। श्रीनगर और बडगाम में भी पानी भर गया है, जबकि माता वैष्णो देवी यात्रा 11वें दिन भी बंद है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश और लैंडस्लाइड से 63 मौतें और 47 लोग लापता हैं। कुल्लू की सैंज घाटी में सेना हेलिकॉप्टर से राहत सामग्री पहुंचा रही है। राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा और गुजरात के कई जिलों में भी नदियां उफान पर हैं। कई पुल टूट गए हैं, खेत डूब गए हैं और सड़क संपर्क बाधित है। प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया है।





