रामबन में बाढ़ का कहर: सीएम उमर अब्दुल्ला ने किया प्रभावित इलाकों का दौरा, लोगों ने लगाई मदद की गुहार

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में हाल ही में आई भारी बारिश और बादल फटने की वजह से बाढ़ और भूस्खलन से बड़ा नुकसान हुआ है। अब तक 37 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, कई सड़कें टूट गई हैं और दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। इस आपदा में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 से 12 गांव प्रभावित हुए हैं।

सीएम उमर अब्दुल्ला पहुंचे निरीक्षण करने

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला खुद रामबन पहुंचे और प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान लोगों ने सीएम के काफिले को रोक लिया और रोते हुए अपना दर्द बयां किया। महिलाओं ने सीएम से मदद की गुहार लगाई।

“लोगों की जान बचाना पहली प्राथमिकता” – सीएम

सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है। पिछले तीन दिनों में लगातार मंत्री और अफसर राहत कार्यों में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक कई फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रयास किए जा रहे हैं कि अगले 24 घंटे में हाईवे को सिंगल ट्रैक के रूप में खोल दिया जाए, ताकि राहत सामग्री और जरूरी सामान पहुंच सके। इसके बाद मलबा हटाने और पुनर्निर्माण का काम तेज़ी से किया जाएगा।

राहत और मुआवजा मिलेगा

सीएम ने भरोसा दिलाया कि प्रभावितों को जल्द ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के मापदंडों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। केंद्र सरकार से भी हरसंभव मदद मिलने की उम्मीद है।

रामबन से आई तस्वीरें साफ दिखा रही हैं कि हालात कितने खराब हैं। जगह-जगह मलबा फैला है, गाड़ियां उसमें फंसी हुई हैं और कई घर पूरी तरह से जमींदोज हो गए हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, लेकिन रास्ते टूटने की वजह से कई जगहों तक पहुंचना चुनौती बना हुआ है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button