पहले भाई उद्धव ठाकरे से सुधरे रिश्ते, अब महाविकास आघाड़ी में शामिल होंगे राज ठाकरे?

महाराष्ट्र की सियासत में नए समीकरण बनते दिख रहे हैं। राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के बीच रिश्ते सुधरने के बाद अब यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) महाविकास आघाड़ी (एमवीए) का हिस्सा बन सकती है।

हाल ही में कांग्रेस नेताओं विजय वडेट्टीवार, बालासाहेब थोराट और अमीन पटेल ने उद्धव ठाकरे से मातोश्री पर मुलाकात की, जिसमें मनसे को एमवीए में शामिल करने के मुद्दे पर विचार हुआ। हालांकि कांग्रेस ने साफ किया कि इस पर अंतिम फैसला दिल्ली से निर्देश मिलने के बाद ही होगा।

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस नेताओं ने बैठक में शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के संभावित गठबंधन, विधान परिषद में विपक्ष के नेता पद पर दावेदारी और उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर भी चर्चा की। महाविकास आघाड़ी में फिलहाल उद्धव ठाकरे की शिवसेना, कांग्रेस और शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस शामिल हैं। ऐसे में मनसे को जोड़ने पर सभी घटक दलों की सहमति जरूरी होगी। कांग्रेस ने इस बीच विधान परिषद में विपक्ष के नेता (LoP) पद पर सतेज पाटिल का नाम आगे बढ़ाने का संकेत दिया है, जो पिछले महीने शिवसेना (यूबीटी) नेता अंबादास दानवे का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से खाली पड़ा है।

वहीं विधानसभा में भी एलओपी का पद खाली है और इस पर शिवसेना (यूबीटी) ने भास्कर जाधव का नाम आगे बढ़ाया है, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष ने अभी इसे मंजूरी नहीं दी है। आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों से पहले यह देखना अहम होगा कि ठाकरे बंदुओं की नजदीकी क्या मनसे की एमवीए में एंट्री का रास्ता खोलती है या नहीं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button